Dhamtari: टीसी के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे स्कूलों के चक्कर, ऑनलाइन प्रक्रिया को लेकर प्राचार्य प्रशिक्षित

धमतरी।  जिले में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री की मंशानुरूप एवं कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (ईडीटीएम) श्री निलेश कुमार जांगड़े ने प्राचार्यों को ऑनलाइन व्यवस्था की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने, प्रमाण पत्र जारी करने, आवश्यक अनुमोदन तथा पोर्टल के संचालन की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
प्रशिक्षण में प्राचार्यों को बताया गया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। इससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही विद्यालयों में दस्तावेजी कार्यों का बेहतर प्रबंधन और शासकीय सेवाओं में डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।

प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन प्रक्रिया के संचालन में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया, ताकि व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यालयों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की इस पहल से जिले के विद्यालयों में डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है। स्थानांतरण प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक शैक्षणिक सेवा ऑनलाइन उपलब्ध होने से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को समय और श्रम की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment