नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अब वाहन की उम्र और उसके उत्सर्जन मानकों के आधार पर प्रदूषण जांच की समयसीमा तय की है। नए नियमों के तहत छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों का PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, BS-IV वाहनों के लिए इसकी अवधि एक साल से घटाकर छह महीने कर दी गई है।
मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 115(7) में संशोधन किया है। इसका उद्देश्य नई और कम प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों के मालिकों को बार-बार जांच कराने से राहत देना है। दूसरी ओर, पुराने वाहनों के प्रदूषण की नियमित निगरानी के लिए जांच की अवधि कम रखी गई है।
नए प्रावधानों के अनुसार, छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों को तीन साल और व्यावसायिक वाहनों को दो साल की वैधता वाला PUC सर्टिफिकेट मिलेगा। छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी व व्यावसायिक वाहनों के लिए इसकी अवधि एक साल होगी। वहीं, 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी ।






