50 लीटर की टंकी में 61.6 लीटर पेट्रोल भरने का आरोप, पटेवा के पेट्रोल पंप 

ग्राहक ने इंडियन ऑयल कंपनी और फूड इंस्पेक्टर से शिकायत करने की कही बात, पेट्रोल पंप के मीटर की जांच की उठी मांग

मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुंद जिले के पटेवा क्षेत्र के जोगीडीपा स्थित शशा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की मात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक वाहन की 50 लीटर क्षमता वाली टंकी में 61.6 लीटर पेट्रोल भरने और ग्राहक से उतनी ही मात्रा का भुगतान लेने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली और माप-तौल व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे ओडिशा निवासी मुकेश कुमार वाधवा, पिता महेंद्र कुमार वाधवा, अपनी किया कंपनी की पेट्रोल कार से रायपुर से ओडिशा जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जोगीडीपा पटेवा स्थित शशा पेट्रोल पंप पर पहुंचकर कर्मचारियों से गाड़ी की टंकी फुल करने को कहा।
वाहन मालिक का आरोप है कि उनकी गाड़ी की टंकी की निर्धारित क्षमता 50 लीटर है, लेकिन पेट्रोल पंप के मीटर में 61.6 लीटर पेट्रोल भरने की रीडिंग दिखाई गई। इसी आधार पर 61.6 लीटर पेट्रोल का बिल भी बना दिया गया। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए सवाल किया कि 50 लीटर की टंकी में 61.6 लीटर पेट्रोल कैसे समा सकता है, तो कर्मचारियों के साथ उनकी बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि कर्मचारियों ने मीटर की रीडिंग के अनुसार भुगतान करने की बात कही और काफी देर तक विवाद के बाद वाहन मालिक को पूरी राशि चुकानी पड़ी। ग्राहक ने इसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी बताते हुए संबंधित विभाग से जांच की मांग की है।
मुकेश कुमार वाधवा ने कहा कि इस मामले की शिकायत इंडियन ऑयल कंपनी और फूड इंस्पेक्टर से की जाएगी। उन्होंने पेट्रोल पंप के डिस्पेंसिंग मीटर की जांच कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब उठ रहे हैं माप-तौल व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने पेट्रोल पंपों पर ईंधन की सही मात्रा मिलने को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक पेट्रोल की रीडिंग कैसे आई? क्या मीटर में तकनीकी गड़बड़ी थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? अब संबंधित विभाग की जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment