रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone) के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में शनिवार को भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम में बदलाव का असर सुबह से ही दिखाई देने लगा है। पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि केशकाल में बारिश के साथ घनी धुंध छाई हुई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। कई इलाकों में बादल और धुंध के कारण दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है।
शुक्रवार को हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री नीचे चला गया। रात में ठंड बढ़ने के कारण शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।







