विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, 24 घंटे संचालित विशेष ‘विधानसभा सेल’ गठित

धमतरी।  छत्तीसगढ़ षष्ठम् विधानसभा के ग्यारहवें (शीतकालीन) सत्र 14 दिसंबर  से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा, इस के दृष्टिगत धमतरी पुलिस द्वारा आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

पुलिस अधीक्षक   भावना पांडेय के निर्देशन में विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार का त्वरित, तथ्यात्मक एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा पुलिस मुख्यालय रायपुर को सही एवं पूर्ण प्रतिवेदन भेजने के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय में तत्काल प्रभाव से 12 सदस्यीय विशेष ‘विधानसभा सेल’ का गठन किया गया है। यह सेल आगामी सत्र के दौरान 24 घंटे निरंतर कार्यशील रहेगा।

अधिकारियों को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक धमतरी के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (धमतरी)  शैलेन्द्र पाण्डेय को विधानसभा सेल का प्रभारी अधिकारी तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय)  यशकरण दीप ध्रुव को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इनके अधीन जानकारी संकलन, कंप्यूटर संबंधी कार्य, दस्तावेजों के संधारण एवं आवश्यक पत्राचार के लिए 10 अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

विधानसभा सेल के लिए दूरभाष नंबर 07722-238265 एवं फैक्स नंबर 07722-238390 निर्धारित किए गए हैं।

24 घंटे संचालन एवं त्वरित सूचना प्रेषण की व्यवस्था
विधानसभा सेल में अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार दिन-रात ड्यूटी करेंगे। विधानसभा से संबंधित कोई भी प्रश्न, फैक्स अथवा पत्र प्राप्त होते ही तत्काल वितंतु संदेश एवं दूरभाष के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को सूचित किया जाएगा, ताकि आवश्यक जानकारी बिना विलंब संकलित कर भेजी जा सके।

पत्राचार एवं दस्तावेजों के त्वरित आदान-प्रदान के लिए रक्षित केंद्र से दिन एवं रात्रि हेतु पृथक-पृथक डाक रनर की व्यवस्था वाहन सहित की गई है।

सभी शाखाओं एवं थाना प्रभारियों को समय-सीमा में जानकारी देने के निर्देश

जिला पुलिस की स्थापना शाखा, जिला विशेष शाखा, नक्सल सेल, गुम इंसान एवं गुम बालक संबंधी शाखा, एससी/एसटी शाखा, महिला अपराध शाखा, शिकायत शाखा, साइबर सेल एवं यातायात शाखा सहित सभी संबंधित शाखा प्रभारियों को आवश्यक जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही एवं विलंब पर होगी जवाबदेही तय
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देशित किया गया है कि विधानसभा से संबंधित प्रत्येक प्रश्न का उत्तर पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं तथ्यात्मक शुद्धता के साथ तैयार कर अपने हस्ताक्षर से निर्धारित समयावधि में प्रेषित करें। जानकारी में किसी भी प्रकार की त्रुटि, अपूर्णता अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

धमतरी पुलिस द्वारा विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान त्वरित कार्यवाही,सटीक जानकारी, प्रभावी समन्वय एवं समय पर जानकारी देने हेतु यह व्यवस्था की गई है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment