धमतरी। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रमुख स्वास्थ्य सूचकों को मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में शामिल किया गया है। वहीं भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए निर्धारित आउटपुट इंडिकेटर्स के आधार पर जिलों का स्वास्थ्य स्कोर तैयार किया जाता है। इन दोनों मानकों के आधार पर मासिक “स्वास्थ्यांक” का निर्धारण किया जाता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता और निरंतरता का आकलन किया जा सके।
वर्ष 2025-26 में जिला धमतरी ने विभिन्न स्वास्थ्य सूचकों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में स्वीकृत आरओपी (रिकॉर्ड ऑफ प्रोसीडिंग्स) के विरुद्ध 87.14 प्रतिशत व्यय किया गया। गर्भवती महिलाओं के प्रथम एएनसी पंजीयन में 97.9 प्रतिशत तथा गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच में 102 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं पंजीयन में जिले ने 171.02 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर उत्कृष्ट कार्य किया है।
कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों में 87 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जांच, खोज एवं पंजीयन में 126.7 प्रतिशत तथा उपचार में 92.5 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई है। इसी प्रकार स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण में 99.9 प्रतिशत तथा स्कूल एवं आंगनबाड़ी स्तर पर चिन्हांकित बीमार बच्चों के उपचार में 98.9 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग एवं मैदानी अमले के सतत प्रयासों के फलस्वरूप जिले को यह सफलता प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य विभाग आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।







