धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में आदिवासी समाज की संस्कृति और मान-सम्मान को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने सोमवार को कोतवाली थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरेई ने बताया कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर निवासी संस्कार सत्पथी नामक युवक ने अपनी सोशल मीडिया आईडी से आदिवासी समाज की संस्कृति और सम्मान के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इससे समाज के लोगों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर एट्रोसिटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समाज के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से भी मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की है।









