अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने नगर में अवैध रेत और खनिज परिवहन, अवैध शराब बिक्री, पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन न मिलने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध न होने और लगातार बिजली कटौती जैसी समस्याओं को उठाया। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान की मांग प्रशासन से की।
पानी की समस्या के विरोध में महिलाओं ने आयोजन स्थल पर खाली मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सुशासन का दावा कर रही है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









