छत्तीसगढ़ प्रदेश उद्यानिकी दैनिक वेतनभोगी श्रमिक संघ ने की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात

धमतरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश उद्यानिकी दैनिक वेतनभोगी श्रमिक संघ (पंजीयन क्रमांक 746) ने अपनी लंबे समय से लंबित नियमितीकरण और स्थायीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उद्यानिकी विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

संघ ने बताया कि कृषि विभाग के अंतर्गत संचालक उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के अधीन प्रदेशभर में लगभग 1798 दैनिक वेतनभोगी, मासिक श्रमिक, वाहन चालक, कार्यालय सहायक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, भृत्य, चौकीदार एवं सफाईकर्मी वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई कर्मचारी 5 से 25 वर्षों से विभाग में कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उनका नियमितीकरण नहीं हो सका है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि विभाग में 1 जनवरी 1998 से निरंतर कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए। साथ ही दो वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को स्थायी किया जाए तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर समायोजन करते हुए शेष कर्मचारियों के लिए सांखेत्तर पद सृजित कर नियमित नियुक्ति प्रदान की जाए।

संघ का कहना है कि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी वर्षों से विभागीय योजनाओं के संचालन और उद्यानिकी गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्थायी सेवा का लाभ नहीं मिल पाया है।

मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय पटेल, प्रदेश महामंत्री पारसमणी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष कृष्ण साहू, प्रदेश संगठन मंत्री चांदसिंह निर्मलकार तथा प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन दास उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर हजारों श्रमिक परिवारों को राहत प्रदान करेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail