हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत, हादसे से आक्रोशित लोगों ने किया शव उठाने का विरोध

ग्रामीणों ने किया 112 वाहन और एक निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ 

कुरूद। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरदा में  सड़क हादसे  में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया और मौके पर पहुंची 112 वाहन और एक निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार मगरलोड क्षेत्र के भैंसमुंडी निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ बाइक से धमतरी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उमरदा के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने शव उठाने का विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर पहुंची 112 वाहन और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कुछ लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की तथा चालक के साथ हाथापाई भी की।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उसे भी विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान एक उप निरीक्षक घायल हो गए। वहीं एंबुलेंस चालक को भी चोटें आई हैं। चालक द्वारा घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail