तेज रफ्तार स्कूटी मंदिर की दीवार से टकराई, एक युवती की मौत

धमतरी।  सेन्हाभाठा के पास  तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर सीधे एक मंदिर की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवतियां लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवती ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य युवतियों का इलाज अस्पताल में चल रहा।

जानकारी के मुताबिक, यह सड़क हादसा ग्राम मेघा के पास सेन्हाभाठा मोड़ पर हुआ। तीनों युवतियां एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर ग्राम मेघा से मगरलोड की तरफ आगे बढ़ रही थीं।  जैसे ही स्कूटी सेन्हाभाठा शीतला मंदिर के पास पहुंचे, वहां  मोड़ पर गाड़ी चला रही युवती रफ्तार अधिक होने के कारण अपना संतुलन खो बैठी। स्कूटी सीधे सड़क किनारे बनी शीतला मंदिर की पक्की दीवार से जा भिड़ी, जिससे युवतियों को गंभीर चोट लगी।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के तालाब में बैठे और सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। युवतियों को तड़पता देख ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए संजीवनी एक्सप्रेस 108 को फोन किया। एम्बुलेंस के पहुंचते ही तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि एक युवती को सिर और छाती में काफी गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस (DKS) अस्पताल रेफर कर दिया।

रायपुर के डीकेएस अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने घायल युवती को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान मगरलोड निवासी लेखप्रभा साहू (पिता निर्मल साहू) के रूप में हुई है। वहीं हादसे का शिकार हुईं अन्य दो युवतियों में एक ग्राम कमरौद की रहने वाली हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail