धमतरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक प्रकरण का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार संजय मारकंडे निवासी देवरी कचांदुर, जिला बालोद 07-08 मई 2026 की दरम्यानी रात अपनी मोटरसाइकिल हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक CG 24 P 9546 से गंगरेल घूमने आया था। वापस लौटते समय अंबेडकर चौक धमतरी में एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी, जिसे उसने नेहरू गार्डन तक छोड़ा,इसके बाद वह स्वयं वहीं विश्राम करने लगा,अगले दिन सुबह उठने पर उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। जिसकी रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान सिटी कोतवाली धमतरी को आज मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की उक्त मोटरसाइकिल को एक व्यक्ति आमातालाब रोड क्षेत्र में चला रहा है। जिसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।
आरोपी से पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन के दौरान आरोपी पेमन साहू पिता गोविंदराम साहू, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।
पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना देकर मान.न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।








