रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंदिर हसौद और ग्राम रीवां का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई महत्वपूर्ण लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए।
बृजमोहन अग्रवाल ने मंदिर हसौद में ₹66.02 लाख की लागत से नवनिर्मित नवीन तहसील कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया, जिससे अब स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम रीवां में ₹30 लाख की लागत से बने भव्य ‘महतारी सदन’, महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ₹21 लाख की लागत से बने अतिरिक्त कक्ष और ₹10 लाख की लागत से बने अटल व्यावसायिक भवन का लोकार्पण किया। साथ ही ₹5 लाख की लागत से बनने वाले अटल डिजिटल कक्ष का भूमिपूजन भी किया।









