दंतेवाड़ा। पुलिस और सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की निशानदेही पर थाना बारसूर क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगल से हथियार, विस्फोटक, नकदी और सोने का डंप बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में 116 ग्राम सोने का बिस्कुट (करीब 16 लाख), 2 लाख नकद, एक इंसास राइफल, 5 बारह बोर बंदूकें, 3 बीजीएल लांचर, बड़ी संख्या में मैग्जीन और कारतूस, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन सहित अन्य विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है। बरामद नकदी और सोने सहित कुल सामग्री की कीमत करीब 18 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादियों की सटीक सूचना पर की गई। अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की एक बड़ी माओवादी साजिश विफल हुई है।









