धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस यातायात द्वारा ग्राम देमार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, राहवीर योजना एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे होने वाले सामाजिक नुकसान, यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति, सुरक्षित यातायात एवं साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे के खिलाफ विद्यार्थियों को किया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों एवं नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने, नशे में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न देने सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
“राहवीर योजना” की दी जानकारी
कार्यक्रम में राहवीर योजना (Good Samaritan) के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया गया। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने हेतु प्रेरित किया गया।
साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से संपर्क, फर्जी कॉल एवं साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के संबंध में जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।









