धमतरी @ विश्वनाथ गुप्ता। जिला युवा कांग्रेस धमतरी के तत्वावधान में आज आम जनता की बिजली संबंधी समस्याओं, लगातार बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से उत्पन्न परेशानियों तथा शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, धमतरी का घेराव किया गया। इस दौरान जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
जिला युवा कांग्रेस ने कहा कि बिजली के बढ़ते बिलों ने आम परिवारों के घरेलू बजट को प्रभावित किया है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं द्वारा अधिक बिल आने, मीटर संबंधी जानकारी के अभाव तथा बिल गणना को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं शहर के अनेक वार्डों में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
1. स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
2. स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी एवं पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाए।
3. स्मार्ट मीटर को प्रीपेड प्रणाली से जोड़ने से पहले उपभोक्ताओं की सहमति एवं स्पष्ट जानकारी सुनिश्चित की जाए।
4. 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 50 प्रतिशत राहत प्रदान की जाए।
5. बिजली दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगाते हुए आम जनता को सस्ती एवं राहत वाली बिजली उपलब्ध कराई जाए।
6. धमतरी शहर के जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद हैं, उन्हें तत्काल चालू कराया जाए।
7. खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर बिजली लाइन एवं लो-वोल्टेज की समस्या का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
8. गलत अथवा अत्यधिक राशि के बिजली बिलों की जांच कर आवश्यकतानुसार बिलों में सुधार किया जाए।
9. बिजली विभाग से संबंधित आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
10. प्रत्येक गांव एवं शहर के वार्डों में बिजली से संबंधित समस्याओं का तत्काल निराकरण अभियान चलाया जाए।
11. स्मार्ट मीटर की तकनीकी जानकारी, बिल गणना एवं रीडिंग प्रक्रिया को सार्वजनिक और पारदर्शी बनाया जाए।
12. उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक भार डालने वाली प्रक्रिया पर रोक लगाकर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिला युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण साहू ने कहा कि बिजली आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है और बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता, उचित बिल तथा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। जनता को राहत मिलने तक युवा कांग्रेस जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सोनवानी, प्रवीण साहू, प्रशांत बोकाडे, लेखराम साहू, आनंद पवार, लेखराज सिन्हा, द्वारका खापर्डे, गौतम वाधवानी, शास्त्री सोनवानी, अरविंद दोशी, विकास साहू, राहुल शर्मा, आयुष हिरवानी, जय श्रीवास्तव, इंद्रेश साहू, गीताराम सिन्हा, संजू साहू, सूरज पासवान, विशु देवांगन समेत कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।










