धमतरी…. शहर के वंदना विहार कॉलोनी में आज सुबह जमकर हंगामा हुआ. मौके पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का काम किया जा रहा है. हंगामा होते देख मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. हंगामे की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम भी दलबल के साथ पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में भी काफी देर तक हंगामा होता रहा. हिंदू जागरण मंच का आरोप था कि मकान के भीतर मौजूद कुछ लोग प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को बहला फुसलाकर धर्मांतरण की कोशिश कर रहे हैं.
मौके पर प्रदर्शन कर रहे हिंदू जागरण मंच के लोगों का आरोप था कि एक इलाके के इस मकान में बार-बार प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है. हिंदू जागरण मंच का ये भी आरोप है कि स्थानीय लोग इस बात की कई बार उनसे शिकायत कर चुके हैं. इसके बाद आज वो लोग यहां पहुंचे तो देखा की यहां पर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है.
हिंदू जागरण मंच के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस की ओर से नहीं की गई है. शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए जरूर एडिशनल एसपी डीसी पटले मौके पर पहुंचे थे. एडिशनल एसपी ने पहुंचते ही भीड़ को वहां से हटाया और दोनों पक्षों की बात सुनी.
पूरे मामले की जांच की जा रही : डीसी पटेल, एडिशनल एसपी
पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस तरह की सभा आयोजित की जा रही थी, उसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और सभा के आयोजन का उद्देश्य क्या था।
हिंदू जागरण मंच के लोगों का आरोप
हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू और पुरुषोत्तम निषाद का आरोप है, ”यदि किसी निजी मकान में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं तो उसकी आड़ में किसी तरह का धर्मांतरण नहीं होना चाहिए. मंच ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.”







