Dhamtari: निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर में 510 मरीजों एवं हितग्राहियों को मिला स्वास्थ्य लाभ

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण

धमतरी। आयुष विभाग, जिला धमतरी द्वारा जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में आज सिद्धि विनायक सांस्कृतिक कला मंच, भानपुरी, धमतरी में विकासखण्ड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आयुष पद्धतियों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। स्त्री रोग, बाल रोग, गुद रोग, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी तथा गैर-संचारी रोग (NCD) क्लिनिक से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में बच्चों के लिए स्वर्णप्राशन संस्कार की सुविधा प्रदान की गई, जिसका 72 बच्चों ने लाभ लिया। इसी तरह 98 हितग्राहियों को रोगानुसार योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में परामर्श दिया गया। होम्योपैथी चिकित्सा सेवाओं से 70 हितग्राही लाभान्वित हुए। ग्रामीणजनों को निःशुल्क आयुष काढ़े का वितरण भी किया गया।

चिकित्सकों एवं आयुष विशेषज्ञों द्वारा लोगों को आयुर्वेदिक दिनचर्या, संतुलित आहार-विहार, नियमित योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। शिविर में उपलब्ध विभिन्न आयुष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से कुल 510 मरीज एवं हितग्राही लाभान्वित हुए।

आयुष विभाग द्वारा इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही लोगों को रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment