धमतरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव में 8 अगस्त को जिला स्तरीय वॉलीबॉल चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंड से लगभग 280 खिलाड़ियों तथा 50 अधिकारियों ने भाग लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच पुष्पलता साहू ने किया। अध्यक्षता प्राचार्य एल.आर. निषाद ने की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि भाठागांव पिछले 40 वर्षों से वॉलीबॉल की मजबूत परंपरा वाला क्षेत्र है, जहां वर्षभर नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। मयूर स्पोर्ट्स क्लब और व्यायाम शिक्षक हरीश देवांगन के मार्गदर्शन में यहां के खिलाड़ी वॉलीबॉल, कबड्डी, शतरंज, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं। चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में धमतरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का संचालन हरीश देवांगन तथा आभार प्रदर्शन ओमप्रकाश साहू ने किया।










