सिर्री की अस्मिता बचाने उठी जनता की आवाज, अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा आंदोलन

SHARE:

कुरूद। ग्राम सिर्री के सैकड़ों ग्रामवासियों ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ के सांसद भोजराज नाग से मुलाकात कर गांव में लंबे समय से चल रहे अवैध खनिज उत्खनन एवं सरकारी संसाधनों की चोरी के गंभीर मामले को उनके संज्ञान में लाया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में मुरुम सहित अन्य खनिजों का अवैध उत्खनन और बिक्री लगातार की जा रही है, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है और गांव की प्राकृतिक एवं सामाजिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ निश्चित रूप से FIR दर्ज की जाएगी,  सरकारी खनिजों की चोरी में शामिल व्यक्तियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान ग्रामवासियों ने प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि वर्तमान सरपंच को तत्काल पद से बरखास्त किया जाए,  अवैध खनन में संलिप्त सभी व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई हो,  गांव में प्रशासनिक पारदर्शिता एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ग्राम सिर्री के लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अब किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने गांव की अस्मिता एवं अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।

 

Join us on:

Leave a Comment