मनीष सरवैया @ महासमुंद। महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस ने एक ही दिन में महज 10 घंटे के भीतर बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। चार थाना क्षेत्रों में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 685.890 किलो गांजा और 700 नग नशीली टैबलेट जब्त करते हुए 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 7 अन्य राज्यों के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये है, वहीं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों एवं अन्य सामग्रियों सहित कुल जब्ती 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना क्षेत्रों में की गई, जिसमें एएनटीएफ, बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का भी सहयोग रहा।
बसना थाना क्षेत्र में पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में बोलेरो पिकअप से 454.890 किलो गांजा बरामद किया गया, जबकि कोमाखान में अलग-अलग दो मामलों में 200 किलो गांजा कार से और 25 किलो ट्रक से जब्त किया गया। सिंघोड़ा में बाइक सवारों से 6 किलो गांजा मिला। वहीं महासमुंद में रेलवे स्टेशन के पास 700 नशीली कैप्सूल के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार परिवहन के लिए सामान्य कार, ट्रक, बाइक, यहां तक कि घरेलू सामान और ड्रायफ्रूट की आड़ भी ले रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे सभी तरीके विफल साबित हुए।
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 63 प्रकरणों में 4054.350 किलो गांजा जब्त कर 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



