धमतरी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आर्यभट्ट विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण प्रोत्साहन योजनान्तर्गत विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केन्द्र बालक जगदलपुर में रिक्त सीटों में प्रवेश लेने हेतु अनुसुचित क्षेत्र में निवासरत अनुसुचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि शिक्षा सत्र 2026-27 में प्रवेश स्नातक के प्रथम वर्ष में केवल गणित व वाणिज्य संकाय में ही होगा। छात्रों का विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केन्द्र में अस्थायी प्रवेश की प्रक्रिया की जायेगी। इसके बाद जगदलपुर जिले के शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश की ऑनलाईन प्रक्रिया हेतु प्रशासकीय अधिकारी, विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केन्द्र जगदलपुर द्वारा मार्गदर्शित किया जायेगा। आवेदक द्वारा सर्वप्रथम विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केन्द्र छात्रावास में रहने की व्यवस्था हेतु सम्पर्क कर जानकारी लेने के बाद ही जगदलपुर के महाविद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया हेतु आवेदन जमा करना अनिवार्य है। इस संबंध में विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण केन्द्र, जगदलपुर के दूरभाष नम्बर 88392-83552 में सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि जिला जगदलपुर के महाविद्यालयों में मेरिट अंक के आधार पर ही प्रवेश निर्धारित है। गंभीर बिमारी से ग्रसित छात्रांे को जिला अस्पताल से पूर्ण स्वस्थ होने संबंधी चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है, पूर्ण स्वस्थ छात्र ही आवेदन कर सकते हैं। छात्रों का अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति होना अनिवार्य है, छात्रों का निवास प्रमाण पत्र अनुसूचित क्षेत्र का होना अनिवार्य है। इसके साथ ही छात्रों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 12 वीं की परीक्षा गणित अथवा वाणिज्य संकाय से न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।
विद्यार्थियों को अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर करना होगा कि विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों से स्नातक, स्नातकोत्तर तथा बी.एड की पढ़ाई के पश्चात् वे छत्तीसगढ़ राज्य के अनुसूचित क्षेत्र में शिक्षक के रूप में अपनी सेवा देने के लिए सहमत हैं। इच्छुक छात्रों को आवेदन पत्र के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, कक्षा 12 वीं की अंकसूची, जिला अस्पताल द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति जमा करना अनिवार्य है। जिले के इच्छुक विद्यार्थी कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) धमतरी में आवेदन प्राप्त कर जमा कर सकते हैं।







