Dhamtari: जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, मिले 40 आवेदन

धमतरी। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनदर्शन में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मजदूरी एवं लंबित पेंशन भुगतान, भूमि विवाद, राशन कार्ड, आधार संशोधन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, अतिक्रमण, राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल थीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान गढ़िया बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति, सरईटोला के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कलेक्टर श्री मिश्रा से सौजन्य भेंट की। समिति ने जानकारी दी कि उनकी टीम आगामी 10 अगस्त 2026 को देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में धमतरी की समृद्ध आदिवासी लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हुए लोकनृत्य की प्रस्तुति देगी।

इस अवसर पर कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर जिले की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी कला का प्रदर्शन पूरे धमतरी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह उपलब्धि हमारी सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा भी देगी। मुझे विश्वास है कि आपकी प्रस्तुति धमतरी की सांस्कृतिक समृद्धि की एक सशक्त पहचान बनेगी।

समिति के प्रतिनिधियों ने अपने वार्षिक महोत्सव को शासकीय वार्षिक कैलेंडर में शामिल किए जाने तथा आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया। इस पर कलेक्टर ने प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का निराकरण समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाए, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment