शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त, 24 घंटे मिलेगी सहायता
धमतरी। किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन धमतरी द्वारा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) धमतरी के आदेशानुसार पश्चिम एशियाई संकट के परिप्रेक्ष्य में एलपीजी, डीजल, पेट्रोल, उर्वरक एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की नियमित निगरानी एवं आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
छत्तीसगढ़ शासन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी निर्देशों के पालन में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय, अन्य वस्तुओं की टैगिंग, अनुशंसित मात्रा के अनुसार उर्वरक वितरण नहीं किए जाने सहित विभिन्न अनियमितताओं की सतत निगरानी की जाएगी। साथ ही प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
इस कार्य के लिए मनोज कुमार सागर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, धमतरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 84620-60007 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07722-232249 है। नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसानों एवं आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान एवं नागरिक उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली अथवा वितरण संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत नियंत्रण कक्ष अथवा नोडल अधिकारी को दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









