Dhamtari: महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर सजी सुरों की संध्या, गीतों से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

धमतरी @ विश्वनाथ गुप्ता। महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि के अवसर पर इंडियन म्यूजिकल ग्रुप एवं रफी फैंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रिसाईपारा, धमतरी स्थित म्युनिसिपल स्कूल के पास एक भव्य संगीत संध्या एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सुरों के सरताज मोहम्मद रफी को उनके अमर गीतों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के प्रांत युवा प्रमुख  दीपक सिंह ठाकुर थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मोहम्मद रफी केवल एक महान गायक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, विनम्रता और संगीत साधना के प्रतीक थे। उनके गीत आज भी पीढ़ियों को जोड़ने का कार्य करते हैं और संगीत की दुनिया में उनका योगदान सदैव अमर रहेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सदर, अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सिद्दीकी साहब ने की। उन्होंने कहा कि मोहम्मद रफी की मधुर आवाज़ ने भाषा, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर पूरे देश को एक सूत्र में बाँधा। उनके गीत आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि इंजीनियर सौरभ सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि संगीत समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और मोहम्मद रफी की विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

कार्यक्रम का सफल आयोजन रिजवान उर्फ राजू भाई, संतोष खरे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें संजय जी का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में इंडियन म्यूजिकल ग्रुप एवं रफी फैंस क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

संगीत संध्या के दौरान कलाकारों ने मोहम्मद रफी के लोकप्रिय और सदाबहार गीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम में रफी साहब की मधुर स्मृतियाँ जीवंत होती रहीं और वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा मोहम्मद रफी के अमूल्य संगीत योगदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment