धमतरी। “नशामुक्त, साइबर सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज निर्माण की दिशा में धमतरी पुलिस की पहल” पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में लगातार नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शासकीय हाईस्कूल कुरमा तराई में धमतरी पुलिस की टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल कानून की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सजग, जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
नशे से दूरी सुरक्षित भविष्य की ओर कदम
-कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा शराब, तंबाकू, मादक पदार्थ एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नशे के आदी व्यक्तियों को उससे बाहर निकालने में सहयोग करने तथा अपने आसपास नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
“नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को अपने मित्रों एवं परिवार के सदस्यों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन- सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी
विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों एवं सुरक्षित आवागमन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान विशेष रूप से—
▪️ दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य उपयोग
▪️ चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग
▪️ वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना
▪️ तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से बचना
▪️ नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकना
▪️ यातायात संकेतों एवं सिग्नल का पालन करना
▪️ गलत दिशा में वाहन न चलाना
▪️ सड़क पार करते समय सावधानी एवं निर्धारित स्थान का उपयोग करना
जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि एक छोटी सी यातायात लापरवाही किसी व्यक्ति एवं पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित कर सकती है।
साइबर फ्रॉड से बचाव*- “सोचें, समझें, फिर क्लिक करें”
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि –
▪️ अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध वेबसाइट पर क्लिक न करें।
▪️ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
▪️ सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट/मैसेज को लेकर सतर्क रहें।
▪️ ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लॉटरी, इनाम, नौकरी एवं निवेश संबंधी लिंक से सावधान रहें।
▪️ किसी भी संदिग्ध कॉल या वीडियो कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
▪️ सोशल मीडिया पर अपनी निजी फोटो, लोकेशन एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
▪️ साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल परिजनों एवं पुलिस को सूचना दें।
विद्यार्थियों को “लालच में न आएं, जल्दबाजी में निर्णय न लें और डिजिटल दुनिया में हमेशा सतर्क रहें” का संदेश दिया गया।
नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी बुनियादी जानकारी दी गई। कानून के प्रति जागरूक नागरिक के अधिकार एवं कर्तव्य, अपराध की सूचना देने की जिम्मेदारी तथा कानून का पालन करने के महत्व को समझाया गया।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी घटना के संबंध में अफवाह फैलाने के बजाय सत्य एवं तथ्यात्मक जानकारी संबंधित पुलिस को देना जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
▪️ महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
▪️ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा का विरोध करना।
▪️ गलत स्पर्श एवं सही स्पर्श की समझ रखना।
▪️ सोशल मीडिया पर किसी द्वारा धमकी, ब्लैकमेल या परेशान किए जाने पर चुप न रहना।
▪️ किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस को देना।
▪️ पीड़ित व्यक्ति की फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित न करना तथा उसकी गरिमा एवं निजता का सम्मान करना।
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में शासकीय हाईस्कूल कुरमा तराई की प्राचार्य अमिता ध्रुव, यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू एवं यातायात स्टाफ, शिक्षकगण सहित 105 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को नशामुक्ति, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक किया गया।










