Dhamtari: नवप्रवेशी बालिकाओं का आत्मीय स्वागत, हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय, धमतरी में आज शाला प्रवेशोत्सव उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बालिकाओं का तिलक लगाकर एवं खीर-पूड़ी खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जनपद सदस्य धमतरी अनिता यादव ने छात्राओं को स्कूल ड्रेस, मोजा-जूते, कॉपी, पेन, पाठ्यपुस्तकें, पेंसिल, ड्रॉइंग कॉपी तथा स्लेट का वितरण किया। उप संचालक समाज कल्याण विभाग श्रीमती मनीषा पाण्डे ने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने सपनों को साकार करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पालकों से भी नियमित रूप से विद्यालय आकर बच्चों की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं पालकों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर संस्था परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम, जामुन, कटहल एवं विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण भी किया गया। छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, पालकों तथा विद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्य तोषकुमार जायसवाल, सहायक अधीक्षक, टी. नेताम,  बसंत कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में पालकगण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment