धमतरी। गायत्री शक्तिपीठ कुरूद में एक आदर्श विवाह सादगीपूर्ण वातावरण में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर समाज को दहेज प्रथा एवं खर्चीली शादियों से दूर रहकर सरल और संस्कारयुक्त विवाह अपनाने का संदेश दिया गया।
जिला समन्वयक दिलीप नाग ने बताया कि ग्राम डोंगीतराई निवासी चिरंजीव जयेश कुमार साहू एवं सौ.का. मोनिका साहू का विवाह परम पूज्य गुरुदेव द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पवित्र वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गायत्री शक्तिपीठ कुरूद, जिला धमतरी में संपन्न कराया गया। विवाह समारोह दोनों पक्षों की सहमति, परिवारजनों तथा वरिष्ठ गायत्री परिजनों की उपस्थिति में सादगी और उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के कारण विवाह का स्वरूप बदलता जा रहा है। विवाह दो आत्माओं का पवित्र बंधन है, लेकिन दहेज की मांग के कारण अनेक परिवार आर्थिक बोझ तले दब जाते हैं और कई मामलों में बहुओं को प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में कम खर्च में आदर्श विवाह समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।










