तेंदुए ने दो घरों में घुसकर किया हमला, बुजुर्ग महिला और ग्रामीण घायल, पूरा गांव दहशत में

कांकेर। जिले के ग्राम गट्टागुडूम में बीते दिनों तेंदुए ने अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम गट्टागुडूम निवासी 65 वर्षीय बुधन उईके 15 जून को अपने घर में मौजूद थीं। इसी दौरान एक तेंदुआ अचानक उनके घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के पंजे के वार से उनके सिर में चोट आई। परिजनों और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग निकला। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

पहली घटना के दो दिन बाद गांव में तेंदुए के हमले की दूसरी घटना सामने आई। ग्राम निवासी 57 वर्षीय धनेश कुंजाम रात्रि में अपने घर में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ घर के भीतर घुस गया और उनके हाथ पर पंजा मारकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से धनेश कुंजाम घबरा गए और शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्हें भी उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment