एकता के लिए दौड़ा धमतरी, रन फॉर यूनिटी में गूंजा राष्ट्रएकता का संदेश

धमतरी। राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा 14 अगस्त को “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकजुट भारत, सामाजिक सद्भाव और मजबूत राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित रन फॉर यूनिटी में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्र की एकता, अखंडता, भाईचारे एवं देशप्रेम की भावना को और मजबूत करना रहा।

सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने के संकल्प को समर्पित इस आयोजन में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को आत्मसात करते हुए सभी ने सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।

एसपी धमतरी भावना पांडेय ने कहा –
“रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता में निहित है। हम सभी को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करते हुए सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”

उक्त कार्यक्रम में महापौर  रामू रोहरा, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, मत्स्य आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, अपर कलेक्टर इंदिरा देहारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, खेल विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिलेभर में गूंजा एकता का संदेश 
रन फॉर यूनिटी का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से रन फॉर यूनिटी आयोजित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर धमतरी पुलिस ने संदेश दिया कि एकता केवल एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र की शक्ति और प्रगति का आधार है। जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की समन्वय बैठक,  एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर