रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में “Pest Management in Crop and Stored Grains-I” (Course Code: AENT221) का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले WhatsApp के माध्यम से वायरल होने और परीक्षा में वही प्रश्नपत्र आने के मामले को लेकर विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। मामले को लेकर NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने नोटों की माला और डायपर लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
NSUI का आरोप है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक का यह कोई पहला मामला नहीं है। वर्ष 2022 और 2024 में भी प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और अब तीसरी बार परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र WhatsApp के माध्यम से वायरल होने तथा परीक्षा में वही प्रश्नपत्र आने का मामला सामने आया है। NSUI ने कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना परीक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।









