पुलिस-प्रशासन एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने पर दिया जोर

ईद मिलादुन्नबी एवं आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

धमतरी । पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन में आगामी ईद मिलादुन्नबी एवं अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न समाजों एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्यौहारों के दौरान जिले में शांति, कानून-व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाए रखना रहा।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  डी.सी. पटेल, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम  पीयूष तिवारी, तहसीलदार, नगर निगम उपायुक्त एवं थाना प्रभारी धमतरी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शांतिपूर्ण आयोजन एवं व्यवस्थाओं को लेकर हुई चर्चा
बैठक में आगामी त्यौहारों के दौरान कानून- व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन, प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं आपसी समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि सभी त्यौहार आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की गई।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा त्यौहारों के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।

सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में हिंदू जागरण मंच युवा प्रमुख दीपक ठाकुर, हिंदू जागरण मंच जिला सह-संयोजक  चित्रेश साहू, सर्व हिंदू समाज से अशोक पवार एवं  दिलीप पटेल, मराठा समाज अध्यक्ष  दीपक लोढे, अंजुमन इस्लामिक कमेटी अध्यक्ष  शेख मोबीन, सिख समाज अध्यक्ष  मनदीप सिंह, साहू समाज अध्यक्ष गणेश साहू, क्रिश्चियन फोरम अध्यक्ष  डायमंड फिलिप्स, अंजुमन सेक्रेटरी  अफजल अली, सन्नी यूथ विंग से  वकार अहमद, मुस्लिम युवा कमेटी अध्यक्ष  अब्दुल रसीद, धमतरी क्रिश्चियन फोरम से रिजनाल्ट पीटर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस एवं प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा त्यौहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment