बाहर से कुछ लड़कों को बुला छात्र की पिटाई, 40 सेकंड के अंदर 46 से ज्यादा थप्पड़ जड़े, दोषी छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज

रायपुर। भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के कक्षा 9वीं का एक छात्र अपने सहपाठियों से किसी बात पर भिड़ गया। लेकिन मामला इतना नहीं रुका। सहपाठियों ने बाहर से कुछ लड़कों को बुला लिया। फिर जो हुआ, वह स्कूल की दीवारों के अंदर अखाड़े जैसा नजारा बन गया।

वीडियो में साफ दिखता है—पीड़ित छात्र को घेर लिया गया। एक के बाद एक थप्पड़ पड़ने लगे। दावा किया जा रहा है कि महज 40 सेकंड के अंदर 46 से ज्यादा थप्पड़ जड़े गए। चेहरे पर लात भी मारी गई। लात-घूंसे और थप्पड़ों की बौछार के बीच किसी ने मोबाइल निकालकर पूरा सीन रिकॉर्ड कर लिया। मारपीट खत्म होने के बाद उसी वीडियो को रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

जब मारपीट करने वाले एक युवक ने खुद को “डॉन” बताते हुए धमकी दी—“उसकी पहुँच पुलिस से लेकर जज तक की है थाने में शिकायत करोगे तो भी कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।” इन शब्दों ने पीड़ित छात्र और उसके परिवार में भय का माहौल बना दिया।

सभी शामिल छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य को तुरंत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक डर और दबाव इतना बढ़ा कि छात्र ने आखिरकार स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेकर पढ़ाई छोड़ दी। परिवार का कहना है कि स्कूल में अब सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं बचा।

पुरानी बस्ती थाने में परिजनों ने दोषी छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment