धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर द्वारा मिटिंग में दिए गए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन एवं आगामी अपराध समीक्षा बैठक की तैयारी के मद्देनजर जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों एवं विभिन्न शाखा प्रभारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर
बैठक में 31 जुलाई 2026 की स्थिति में लंबित अपराधों की वर्षवार एवं अपराध शीर्षवार समीक्षा की गई। प्रत्येक लंबित प्रकरण की वर्तमान विवेचना स्थिति, लंबित रहने के कारण एवं संबंधित विवेचक से जानकारी लेते हुए एसपी ने प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरण, लंबित चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत, विभागीय जांच एवं प्राथमिक जांच की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से 60/90 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने तथा विवेचना में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के सख्त निर्देश दिए गए।
साथ ही गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
फरार आरोपियों एवं वारंटियों पर प्रभावी कार्यवाही
समंस एवं स्थायी वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी बदमाशों एवं गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। एसपी ने आदतन अपराधियों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा जिलाबदर हेतु चिन्हांकित अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
01 जनवरी 2026 से 31 जुलाई 2026 तक की गई लघु एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, बाउंड ओवर कार्यवाही तथा अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यवाही की समीक्षा की गई। थाना एवं चौकी स्तर पर शांति समिति, सड़क सुरक्षा समिति एवं महिला कमांडो की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी संचालन तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी एवं डिजिटल पुलिसिंग को बनाया जाए और प्रभावी
एसपी धमतरी भावना पांडेय ने तकनीक आधारित पुलिसिंग को अपराध नियंत्रण एवं विवेचना का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए CCTNS, E-Sign FIR, E-Sign Challan, E-साक्ष्य, MedLEaPR, E-FSL, e-Prosecution, Cri-MAC एवं DG/IG Dashboard सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
इसके साथ ही 10 मिनट, त्रिनयन, सक्षम, E-DAR/IRAD, ICJS, CEIR, ITSSO, JCTS एवं NETGRID जैसे तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों की पहचान, साक्ष्य संकलन, विवेचना एवं प्रकरणों के त्वरित निराकरण को और प्रभावी बनाया जाए।
पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों के पालन पर विशेष जोर
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज रायपुर द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उच्च अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
थानों के CCTV एवं शासकीय संसाधनों के रख-रखाव पर विशेष निर्देश
एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में स्थापित CCTV कैमरे सदैव चालू एवं अपडेट स्थिति में रहें, उनकी नियमित जांच एवं रिकॉर्डिंग की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर महत्वपूर्ण घटनाओं की जांच में इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
साथ ही थानों में उपलब्ध शासकीय वाहन, वायरलेस सेट, कंप्यूटर एवं अन्य पुलिस संसाधनों का उचित रख-रखाव करते हुए उन्हें कार्यशील एवं उपयोग के लिए सदैव तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण के साथ आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण
पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामीली एवं कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार त्वरित कार्यवाही, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार है। सभी अधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
इसके अलावा सायबर थाना प्रभारी, अजाक थाना प्रभारी, कंट्रोल रूम प्रभारी, यातायात प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के स्टेनो, रीडर एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित लंबित प्रकरणों, अपराधों, जांच एवं पुलिसिंग गतिविधियों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही की जाए तथा आगामी समीक्षा में प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों।









