मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए 42 हजार 653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 प्रदेश में नागरिक-केंद्रित सुशासन की अवधारणा को व्यवहारिक रूप देने का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से शुरू की गई हेल्पलाइन ने संचालन के पहले ही महीने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 13 जुलाई 2026 तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए 42 हजार 653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। इनमें 13 हजार 600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं सकारात्मक अभिमत देते हुए अपने प्रकरण बंद कराए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे हेल्पलाइन-1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें और अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जवाबदेह और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम है। हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित होती है।

शिकायतों के पंजीयन और समाधान के लिए समर्पित कॉल सेंटर कार्यरत है, जबकि तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब आठ हजार अधिकारी समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने में लगे हैं।

सरकार के अनुसार अब लोगों को अपनी समस्या लेकर अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। एक फोन कॉल पर शिकायत दर्ज होती है, उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और तय समय-सीमा में समाधान का प्रयास किया जाता है।

विभागवार आंकड़ों के मुताबिक ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से सबसे अधिक शिकायतें मिलीं। समाधान के मामले में भी इन विभागों ने क्रमशः 3,066, 2,530 और 1,314 शिकायतों का निराकरण किया। सरकार का कहना है कि भविष्य में हेल्पलाइन का दायरा और बढ़ाया जाएगा, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं पहुंच सकें।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment