धमतरी। ग्राम कोसमर्रा के सूने मकान में लाखों के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी ने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे ने अपने घर से सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई । विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दोनों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तथा आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने आपस में जेवरात का बंटवारा कर लिया तथा नगदी राशि खर्च कर दी।
आरोपी घनश्याम यादव से उसके कब्जे से चोरी गए जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त कुदारी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा रायपुर पहुंचकर हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार करते हुए अपने हिस्से के चोरी के जेवरात बरामद कराए।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि चोरी गए सोने के गुलबंद को बेचने के उद्देश्य से आरोपी हेमन्त ने अपने परिचित ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश सोनी ने उक्त सोने के गुलबंद को गलाकर सोने का बिस्किट बनाना स्वीकार किया, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत बरामद कर जप्त किया गया।









