धमतरी। आमापारा वार्ड में देर रात अज्ञात बदमाश ने घर के बाहर खड़े तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। सूचना पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक वाहन जल चुके थे। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, धमतरी कोतवाली थाना क्षेत्र के आमापारा वार्ड में अज्ञात बदमाश ने घर के बाहर खड़े तीन दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आग लगने के बाद आसपास के लोगों को जलने की बदबू महसूस हुई। बाहर निकलकर देखा तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद लोगों ने मिलकर किसी तरह आग बुझाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक आशंका है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते वाहनों में आग लगाई गई हो। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है।