धमतरी। कुरूद विकासखंड के ग्राम कुर्रा में गंभीर रूप से घायल एक गाय का शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की विशेषज्ञ पशु चिकित्सा टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंग विच्छेदन (Limb Amputation) कर जीवन बचाया गया। पशु चिकित्सा टीम की तत्परता, विशेषज्ञता और समुचित उपचार से पशुपालक को राहत मिली है तथा गाय की स्थिति वर्तमान में स्थिर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग सात दिन पूर्व एक भैंस के हमले से गाय के पैर में गंभीर चोट आई थी। चोट की सूचना मिलने पर शासकीय पशु चिकित्सालय कुरूद की विशेषज्ञ टीम ने ग्राम कुर्रा पहुंचकर मौके पर पशु का परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान गाय के पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) बाहर निकली हुई पाई गई तथा आसपास के ऊतकों में गंभीर क्षति और सड़न (Putrefaction) हो चुकी थी। चिकित्सकीय परीक्षण में प्रभावित पैर को बचाना संभव नहीं पाया गया। ऐसी स्थिति में संक्रमण के फैलाव को रोकने और पशु का जीवन बचाने के लिए प्रभावित अंग का विच्छेदन आवश्यक माना गया।
विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों द्वारा निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार गाय को उचित एनेस्थीसिया देकर शल्यक्रिया की गई। ऑपरेशन के दौरान आवश्यकतानुसार अंतःशिरा द्रव (IV Fluid), दर्द निवारक दवाओं, एंटीबायोटिक्स एवं अन्य सहायक उपचार का उपयोग किया गया। पूरी सावधानी और चिकित्सकीय निगरानी में शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
शल्यक्रिया के बाद गाय की स्थिति स्थिर है और उसे निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। संक्रमण से बचाव, घाव की देखभाल, दवा एवं पोषण संबंधी आवश्यक निर्देश पशुपालक को दिए गए हैं।
पशुपालक ने शासकीय पशु चिकित्सालय की टीम द्वारा समय पर पहुंचकर किए गए उपचार और सफल शल्यक्रिया के लिए संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया। यह उपचार पशुधन के प्रति संवेदनशीलता, वैज्ञानिक पशु चिकित्सा सेवाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेखनीय उदाहरण है।









