धमतरी। कंडेल में मामूली विवाद पर पेचकस से दो युवकों पर हमला करने वाले आरोपी को अर्जुनी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार नीरज साहू अपने साथी सुरेन्द्र कुमार साहू एवं लुकेश यादव के साथ बुधवार की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम कंडेल स्थित चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान सुरेन्द्र कुमार साहू पानी लेकर वापस आ रहा था, तभी ग्राम कंडेल निवासी सौरभ साहू ने विवाद करते हुए उसके साथ गाली-गलौज एवं हाथ-मुक्का तथा लात से मारपीट की। सुरेन्द्र के साथ मारपीट होते देखकर नीरज साहू बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान आरोपी सौरभ साहू ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से नीरज साहू के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 118/2026, धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ की गई। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला पेचकस बरामद किया गया, जिसे जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी सौरभ साहू को गिरफ्तार किया गया, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।









