करेली बड़ी पुलिस चौकी की सामुदायिक पुलिसिंग पहल – समाधान अकैडमी के छात्र-छात्राओं को कराया गया चौकी का शैक्षणिक भ्रमण

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशानुसार जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने एवं विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस चौकी करेली बड़ी द्वारा समाधान अकैडमी, करेली बड़ी के छात्र-छात्राओं के लिए पुलिस चौकी भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में समाधान अकैडमी के करीब 55 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित हुए। पुलिस चौकी करेली बड़ी पहुंचने पर छात्र-छात्राओं को चौकी की कार्यप्रणाली एवं पुलिस द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पुलिस कार्यप्रणाली को करीब से समझने में विशेष रुचि दिखाई और विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं।

नवीन कानून एवं एफआईआर की प्रक्रिया की दी जानकारी
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को देश में लागू नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में जानकारी दी गई। कानून में हुए प्रमुख बदलावों तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों को सरल भाषा में समझाया गया। विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी अपराध की सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस द्वारा किस प्रकार वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की जाती है। इसके साथ ही अपराध की विवेचना के विभिन्न चरणों एवं पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

चार्जशीट एवं पुलिस विवेचना की प्रक्रिया समझी
छात्र-छात्राओं को अपराध की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, बयान एवं अन्य आवश्यक कार्यवाहियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विवेचना पूर्ण होने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत की जाने वाली चार्जशीट के संबंध में भी सरल भाषा में समझाया गया।

पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि अपराध की प्रत्येक सूचना पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाती है तथा विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है।

महिला संबंधी अपराधों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विशेष जानकारी दी गई। महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों में पुलिस की भूमिका, आवश्यक सहायता तथा शिकायत की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के तरीकों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मुसाफिरों की जानकारी एवं पुलिस सत्यापन के संबंध में दी जानकारी
छात्र-छात्राओं को चौकी क्षेत्र में आने-जाने वाले मुसाफिरों की जानकारी संधारित करने तथा पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस सत्यापन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में नागरिकों की भूमिका तथा सुरक्षा व्यवस्था में इसके महत्व को विद्यार्थियों को समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया। पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली एवं कानून से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए।

विद्यार्थियों को नशे एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने, कानून का पालन करने, महिलाओं एवं बालिकाओं का सम्मान करने तथा अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ उनके मन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना विकसित करना तथा उन्हें कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment