बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सक्ती जिले की सेवा सहकारी समिति चंद्रपुर में रासायनिक खाद के वितरण और भंडारण में 43 लाख 67 हजार 283 रुपए की अनियमितता सामने आई है। जांच में 3850 बोरी खाद स्टॉक में कम मिला। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर की शिकायत पर चंद्रपुर पुलिस ने तत्कालीन प्रभारी संस्था प्रबंधक पितांबर निषाद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बता दें, प्रभारी संस्था प्रबंधक को प्रशासनिक कार्रवाई के तहत पहले ही पद से हटाया दिया गया था।
गौरतलब है, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर ने चंद्रपुर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर चंद्रपुर के पूर्व प्रभारी संस्था प्रबंधक के खिलाफ गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज करने व जरुरी कार्रवाई की मांग की है। बैंक ने सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं सक्ती के निर्देशों का हवाला भी दिया था।
जानिए क्या है मामला?
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर शाखा चंद्रपुर के सेवा सहकारी समिति मर्या.चंद्रपुर में खरीफ 2026 27 में भंडारित रासायनिक खाद का वितरण पश्चात बचत स्टाॅक का सहकारी निरीक्षक एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखण्ड डभरा के द्वारा संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन किया गया।
भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन में सेवा सहकारी समिति मर्या. चन्द्रपुर में वर्ष 2026 27 में पाॅश मशीन में दर्शित स्टाॅक में 3377 बोरी खाद की कमी तथा पूर्व वर्षों के 473 बोरी बचत खाद स्टाॅक को प्रारंभिक स्टाॅक में स्थानांतरित न कर कुल मिलाकर 3850 बोरी खाद जिसकी राशि 43, 67, 283.00 रुपये होती है, का आर्थिक अनियमितता किया जाना प्रतिवेदित किया गया है। उक्त आर्थिक अनियमितता, गबन हेतु समिति चन्द्रपुर के पूर्व प्रभारी संस्था प्रबंधक पितांबर निषाद को जिम्मेदार, दोषी होना प्रतिवेदित किया गया है।










