नगरी के शासकीय महाविद्यालय में 12 अक्टूबर को होगा विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र
धमतरी। जिले के विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं, शोधार्थियों, स्टार्टअप संचालकों, उद्यमियों एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को अपने नवाचारी विचारों और उपयोगी समाधानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। SEVA FIRST INNOVATION CHALLENGE के अंतर्गत आयोजित महाराष्ट्र जोन की पहल के माध्यम से प्रतिभागी अपने नए विचारों को प्रस्तुत कर मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्राप्त कर सकते हैं।
इस नवाचार चुनौती के तहत कुल 5 करोड़ रुपये का पुरस्कार पूल निर्धारित है। इसमें 50 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पुरस्कार की राशि 10 लाख रुपये तक हो सकती है। इस पहल का उद्देश्य नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करना, युवाओं की रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना तथा उनके विचारों को व्यावहारिक समाधान और उद्यमिता के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित करना है।
नगरी में कल होगा विशेष सत्र
इस अभियान के अंतर्गत 12 अक्टूबर 2026 को नगरी स्थित सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय में दोपहर 12 बजे से विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं एवं उद्यमियों को प्रतियोगिता में भाग लेने, अपने विचारों को आगे बढ़ाने तथा पंजीयन एवं तकनीकी सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट https://www.sevainnovationchallenge.in/ पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। जिले के युवा YUVA Dhamtari Portal https://www.yuvadhamtari.com/ के माध्यम से भी संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पंजीयन एवं मार्गदर्शन के लिए संपर्क
इस पहल के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC), धमतरी को नोडल विभाग बनाया गया है। इच्छुक प्रतिभागी महाप्रबंधक श्री लोकपाल खंडेकर (मोबाइल: 83032 85157) तथा प्रबंधक श्री प्रशांत चंद्राकर (मोबाइल: 81037 18222) से संपर्क कर सकते हैं। पंजीयन एवं तकनीकी सहायता के लिए जिला प्रशिक्षण एवं समन्वय एजेंसी CGS Network के श्री उमेश महिलानी (मोबाइल: 93017 27212) से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, शोधार्थियों एवं उद्यमियों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने नवाचारी विचारों को आगे बढ़ाएं और धमतरी को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में योगदान दें।









