Dhamtari : निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण, धमतरी के 7 हितग्राहियों का होगा चयन

सीपेट रायपुर में 480 घंटे का प्रशिक्षण, प्लास्टिक उद्योग में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार पाने का मिलेगा अवसर

धमतरी। निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं उनके आश्रितों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पहल की है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत धमतरी जिले के 7 हितग्राहियों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक प्रोसेसिंग टेक) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण रायपुर स्थित CIPET (केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) में आयोजित होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि 480 घंटे अर्थात लगभग 80 दिवस निर्धारित की गई है। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन NCVET से अनुमोदित है।

ये हैं पात्रता की शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए। इसके अलावा श्रमिक का मंडल में कम से कम तीन वर्ष से पंजीयन होना अनिवार्य है तथा आवेदक पंजीकृत निर्माण श्रमिक का पात्र आश्रित होना चाहिए।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक एवं पात्र हितग्राही श्रम विभाग के पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला श्रम कार्यालय, धमतरी में संपर्क किया जा सकता है।

जिला श्रम पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हितग्राहियों को प्लास्टिक उद्योगों में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इससे निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को रोजगार मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। पात्र युवाओं से निर्धारित समय में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment