6 माओवादियों ने किया सरेंडर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। ओडिशा राज्य में सक्रिय 4 माओवादी कैडरों समेत पश्चिम बस्तर डिवीजन के संगठन को छोड़कर फरार हुए 2 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता त्यागकर बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले सभी 6 माओवादियों पर कुल 35 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें 4 पीपीसीएम (PPCM) और 2 पीएम (PM) रैंक के कैडर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के लगातार नक्सल विरोधी अभियानों और पुनर्वास एवं कौशल विकास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर माओवादियों ने समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इस पूरी प्रक्रिया में डीआरजी बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 170वीं बटालियन और बीजापुर पुलिस की अहम भूमिका रही।

पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों की बढ़ती सक्रियता, माओवादी संगठन में विघटन की स्थिति, हिंसक विचारधारा से मोहभंग और पूर्व माओवादी कैडरों के सफल पुनर्वास से प्रभावित होकर इन लोगों ने आत्मसमर्पण किया। आदिवासी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और शासन की पुनर्वास नीति के प्रति बढ़ते विश्वास को भी इसके पीछे महत्वपूर्ण कारण बताया गया है।बीजापुर जिले में पुनर्वास एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के साथ सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संपर्क और समन्वय के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी पहल के तहत छह माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment