सेवा संकल्प शिविर में 103 आवेदन प्राप्त, 88 का मौके पर निराकरण
सांकरा को नगर पंचायत बनाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के नाम सौंपा ज्ञापन,
प्रदीप साहू @ सांकरा। धमतरी जिले के विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, सरपंच-सचिवों, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसी बीच सांकरा को नगर पंचायत बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपे जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों की इस मांग को क्षेत्र के विकास और स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है।ग्राम पंचायत सांकरा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने इस मांग को लेकर जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों की मांग है कि सांकरा को नगर पंचायत बनाए जाने के प्रस्ताव पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
नगर पंचायत का दर्जा मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर नई संभावनाएं बन सकती हैं। हालांकि, इस संबंध में शासन की स्वीकृति और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है।सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विकासखंड स्तरीय शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों से संबंधित कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 88 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 15 आवेदनों के संबंध में लिखित निराकरण दर्ज किया गया।शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित राजस्व विभाग से ऑनलाइन नक्शा कटवाकर पर्ची में रकबा दर्शाने लिए मांग किया गया, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, पशु चिकित्सा, कृषि, खाद्य, विद्युत और मनरेगा से संबंधित मामलों पर कार्रवाई की गई।
विभागवार प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 47 आवेदनों का निराकरण किया गया। राजस्व विभाग के 2, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 3, महिला एवं बाल विकास विभाग के 2, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 3, शिक्षा विभाग के 3, पशु चिकित्सा विभाग के 10, कृषि विभाग के 3 तथा खाद्य विभाग के 6 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। वहीं, विद्युत विभाग के 6 तथा मनरेगा क्रमांक-01 से संबंधित 9 आवेदनों का लिखित निराकरण दर्ज किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखने और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी:
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर आवास योजना के हितग्राहियों को उनके हाथों से आवास की चाबी प्रदान की गई। साथ ही आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने की पहल की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलता है।उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखे अपने विचार
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, सभापति प्रेमलता नागवंशी, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाईं सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण पर अपने विचार रखे।
शिविर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं। शिविर का उद्देश्य प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना रहा।
ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, रवि दुबे, जनपद पंचायत सभापति प्रेमलता नागवंशी, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाईं, मोहन पुजारी, सांकरा सरपंच नागेंद्र बोर्झा, सरपंच केशव टेकाम, गिरवर भंडारी, शत्रुघन, नगिना सोम, मोहन नाहटा, भारत पटेल, जन्मेजय साहू, वीरेन्द्र पटेल, चित्रांश नागवंशी, यश साहू, देवीचंद साहू और मिथलेश साहू उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम मनोज मरकाम, तहसीलदार शिवेंद्र सिन्हा, जनपद पंचायत सीईओ विमल कुमार साहू, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ एसके ठाकुर तथा बीपीएम हितेंद्र कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।इसके अलावा क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भी शिविर में सहभागिता निभाई।
ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण पर रहा जोर
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं, सांकरा को नगर पंचायत बनाने, सांकरा में पुलिस चौकी खोलने, पीएम आवास योजना एवं पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपे जाने से स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा भी चर्चा में रहा।










