sports news। रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का रोमांच शुरू होने वाला है। तीन मैचों की इस सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम रविवार शाम रायपुर पहुंच गई। टीम की कप्तान स्मृति मंधाना समेत सभी खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से होटल ले जाया गया। वहीं, आज जिम्बाब्वे की टीम रायपुर पहुंची है। दोनों टीमों के अभ्यास की तैयारी है।
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीनों टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे। रायपुर में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच इस सीरीज के मुकाबले होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को अपने शहर में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा।
मैचों के लिए आयोजकों ने अलग-अलग श्रेणियों में टिकट की कीमतें तय की हैं। सबसे सस्ता टिकट लोअर स्टैंड का ₹250 रखा गया है। वहीं, दर्शक तीनों मुकाबलों के लिए सीरीज टिकट भी खरीद सकेंगे, जिसकी कीमत ₹499 है। इसके अलावा दो और चार लोगों के लिए कॉम्बो टिकट की व्यवस्था भी की गई है।
टिकटों की बिक्री केवल ऑनलाइन होगी। दर्शक Ticketgenie ऐप के जरिए डिजिटल टिकट खरीद सकेंगे। टिकट बुक करने वाले एक यूजर को अधिकतम छह टिकट खरीदने की अनुमति होगी। ऑफलाइन टिकट बिक्री की व्यवस्था नहीं रखी गई है।










