धमतरी। मगरलोड में गांजा के साथ महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्कूटी की डिक्की से 740 ग्राम गांजा, बिक्री के 1,850 रूपये नगद जब्त किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
19 अक्टूबर 2026 को थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने गांजा रखकर ग्राहकों को बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिसम्मत कार्यवाही की और संदेही महिला सीमा बेगम को पकड़ा।
महिला आरक्षक की उपस्थिति में तलाशी एवं स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की जांच के दौरान डिक्की में सीट के नीचे रखे थैले से खाकी टेप में लिपटा गांजा तथा छोटे-बड़े कुल 45 नग जिपलॉक पॉलीथिन पाउच बरामद किए गए। इसके साथ ही गांजा बिक्री की नकदी रकम भी जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही
आरोपी सीमा बेगम के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 208/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।









