डब्ल्यूआरएस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया 101 फीट रावण का दहन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन के साथ भव्य आतिशबाजी की गई, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

रावण दहन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का उत्सव सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। आज ही के दिन भगवान श्रीराम ने अत्याचारी और अधर्मी रावण का वध किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल क्लब लगातार दशहरा उत्सव और रावण दहन का आयोजन करता आ रहा है। वे भी पिछले कई वर्षों से इस कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा की मेहनत की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए विजय उत्सव का विशेष महत्व है, क्योंकि यह माता कौशल्या की भूमि है और भगवान श्रीराम हमारे भांचा हैं। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास के 12 वर्ष छत्तीसगढ़ में बिताए थे। यही वजह है कि जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ, तो छत्तीसगढ़वासियों में सबसे अधिक खुशी देखने को मिली।

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि जो खुशी छत्तीसगढ़ में हुई है, वह कहीं नहीं हुई होगी। यहां के लोग अयोध्या जाएं, इसलिए हम लोग भगवान रामलला दर्शन योजना चला रहे हैं। 50 हजार से ज्यादा लोगों ने दर्शन किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी के शरीर में रावण रूपी क्रोध विराजमान है। इसे हमें समाप्त करना है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment