कुरुद। कुरुद अंचल के निवासियों का बहुप्रतीक्षित सपना 20 अक्टूबर को साकार हो गया। अभनपुर-कुरुद नवनिर्मित ब्रॉडगेज रेल लाइन पर नियमित यात्री सेवा का विधिवत शुभारंभ हुआ। रायपुर से चलकर पहली मेमू ट्रेन जैसे ही कुरुद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, पूरा परिसर जयकारों और उत्साह से गूंज उठा। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर एवं नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष निरजंन सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और नागरिकों ने ट्रेन पर पुष्पवर्षा कर ऐतिहासिक स्वागत किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ताड़ोकी-रावघाट व अभनपुर-कुरुद यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई, जबकि रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिरकत कर इलेक्ट्रिक लोको मेंटेनेंस शेड का शिलान्यास किया। सीएम साय ने इसे बस्तर व दक्षिण छत्तीसगढ़ में आर्थिक प्रगति, शिक्षा व स्वास्थ्य के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर बताया। रायपुर से ट्रेन में सवार होकर भोजराज चंद्राकर, प्रभात बैस, कमलेश चंद्राकर समेत लगभग 150 कार्यकर्ता सफर करते हुए पहुंचे। मार्ग में चटौद और सिर्री स्टेशनों पर भी ग्रामीणों ने ट्रेन का भव्य स्वागत किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह दिन कुरुद विधानसभा परिवार के लिए अत्यंत गौरवशाली और हर्ष का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश का रेल नेटवर्क अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्रवासियों के आवागमन को सुगम रास्ता मिलेगा और कुरुद के सर्वांगीण विकास की नई संभावनाओं को विस्तार मिलेगा।









