दुर्ग। जिले में एक निजी स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना 17 अक्टूबर को हुई, जब वह प्लांट में ठेकेदारी का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मशीन का नोजल नीचे आने के दौरान करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, संतोष कुमार श्रीवास्तव निजी स्टील प्लांट में काम कर रहे थे, तभी मशीन का नोजल नीचे आ गया और अत्यधिक गर्म पिघला लोहा उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गए। बताया गया कि घटना के बाद वह मदद के लिए प्लांट के भीतर दौड़े, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई और वह बेसुध हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद संतोष कुमार श्रीवास्तव को 17 अक्टूबर की रात भिलाई स्थित सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।









